हरियाणा में निवेश को लेकर विदेशी निवेशकों में भारी उत्साह : मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विदेशी निवेशकों में भारत विशेषकर हरियाणा प्रदेश क्षेत्र में निवेश किए जाने को लेकर उत्साह है।
इजराइल व यूनाइटेड किंगडम की सात दिवसीय सरकारी यात्रा के उपरांत स्वदेश लौटने पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उद्योग तथा व्यापार-व्यवसाय के विकास की दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा किए गए नीतिगत परिवर्तनों के परिणाम स्वरूप वर्तमान में विदेशी निवेशकों में हरियाणा में निवेश के लिए अति उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि यूनाइटेड किंगडम के दौरे के दौरान निवेशकों के साथ बैठकें हुई हैं। विदेश यात्रा के दौरान कई प्रकार के एम ओ यू (समझौता ज्ञापन) हुए हैं और इस दिशा अब आगे बढऩा है। इजराइल की यात्रा के दौरान सुरक्षाव उपकरणों का विषय भी महत्वपूर्ण रूप से शामिल रहा। इसके अतिरिक्त कृषि, बागवानी व
सूक्ष्म सिचाई संबंधी कार्य योजनाओं पर इजराइल के साथ और आगे बढा जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री के स्वदेश आगमन पर उनके साथ हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी व विधायक श्री असीम गोयल भी थे। स्वदेश लौटने पर नई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा से आगमन अवसर पर हरियाणा के कृषि व किसान कल्याण मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड, लोक निर्माण मंत्री राव रनवीर सिंह, परिवहन मंत्री श्री कृष्णलाल पंवार,सहकारिता राज्य मंत्री श्री मनीष ग्रोवर, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री श्री नायब सिंह सैनी, विधायक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री सुभाष बराला,विधायक व हरियाणा वक्फ बोर्ड के चेयरमैन श्री रहिस खान आदि मौजूद रहे।