लोकसभा सीटों पर लोसपा-बसपा में फंसा पेंच अब सैनी खुद सोनीपत से चुनाव लडऩे की तैयारी मे
चंडीगढ़ हरियाणा में पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करने का दम भरने वाली लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी और दलितों की प्रतिनिधि बहुजन समाज पार्टी के बीच लोकसभा सीटों को लेकर पेंच फंस गया है। नए समीकरणों के बाद दोनों दलों में सीटों का फेरबदल हो सकता है। दोनों दलों
में गठबंधन के बाद बसपा को लोकसभा की आठ तो लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी को दो सीटें दी गई हैं।
भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी अपने हिस्से की भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार चुके हैं जबकि लोसपा के हिस्से में आई दूसरी सोनीपत लोकसभा सीट पर पेंच फंस गया है। हालांकि राजकुमार सैनी पिछले कई दिनों से सोनीपत सीट पर प्रत्याशी को उतारने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक करके फीडबैक ले रहे हैं लेकिन पार्टी के ज्यादातर कार्यकर्ता चाहते हैं कि सैनी किसी अन्य नेता की बजाए खुद यहां से चुनाव लड़ें। जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पार्टी का मानना है कि यहां से राजकुमार सैनी का पलड़ा भारी हो सकता है। दूसरी तरफ लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी तथा सहयोगी बसपा के नेताओं का तर्क है कि राजकुमार सैनी सोनीपत सीट को छोडक़र कुरूक्षेत्र सीट लें और इस सीट से खुद दोबारा चुनाव लड़े। वर्तमान में सैनी यहीं से सांसद हैं और इस सीट पर सैनी समुदाय के लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। सूत्रों की मानें तो बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व ने राजकुमार सैनी पर इस बात के लिए दबाव बनाया है कि वह सोनीपत की बजाए कुरूक्षेत्र सीट को अपने खातें लेते हुए खुद यहां से चुनाव लड़ें। बसपा का तर्क है कि जातिगत आधार पर कुरूक्षेत्र सीट से लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी का पलड़ा भारी रह सकता है। इस मुद्दे को लेकर आज लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी की बैठक यहां हुई जिसमें राजनीतिक मामलों बारे गठित कमेटी ने राजकुमार सैनी को खुद चुनाव लडऩे के लिए कहा है। दूसरी तरफ अगले सप्ताह लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की संयुक्त बैठक में गठबंधन द्वारा सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता चाहते हैं कि मैं खुद दोबारा लोकसभा चुनाव लडूं़। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी के परामर्श पर मैं भी विचार कर रहा हूं। स्वयं चुनाव लडऩे के संबंध में सहयोगी दल बसपा के साथ भी विचार करके फैसला कर लिया जाएगा।