चंडीगढ़ हम पुराने डंडे-झंडे वाली पार्टी को पीछे छोड़ कर आए हैं और जननायक जनता पार्टी का पंजीकरण हो चुका है। नई नीतियों और नई योजनाओं के साथ हम नए चुनाव चिन्ह पर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। कुछ ही दिनों में चुनाव आयोग पार्टी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर देगा। यह बात डबवाली की विधायक नैना सिंह चौटाला ने कही।
वे कुरुक्षेत्र जिले के गांव जैनपुर जाटान और कैथल जिले के नौच गांव में आयोजित हरी चुनरी की चौपाल कार्यक्रमों में उमड़ी हजारों महिलाओं को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रही थी। कार्यक्रम को लेकर महिलाओं में खासा जोश था। नैना सिंह चौटाला से मिलने और उन्हें
सुनने के लिए भारी संख्या में महिलाएं अपना कामकाज छोड़ कर कार्यक्रम में पहुंची। आज कार्यकर्ताओं ने पार्टी संस्थापक डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्म दिवस पर केक काटा और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। डबवाली की विधायक ने कहा कि हम प्रदेश में नई रीति और नई नीति के साथ जनता को लेकर आगे बढ़ेंगे और नई सोच का आधुनिक व उन्नत हरियाणा बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाईचारा बिगाडऩे वाली भाजपा का राज जनता ने साढ़े चार वर्ष तक देख लिया और अब भाजपा को देश व प्रदेश की सत्ता से चलता करने का वक्त आ गया है, इस वक्त को हाथ से न जाने दें। जेजेपी के झंडे के नीचे एकत्रित होकर लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को हराएं और जेजेपी प्रत्याशियों का जीताने के लिए जी-जान से जुट जाएं। भाजपा पर धर्म-सम्प्रदाय और भाईचारा बिगाडऩे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वोटों की खातिर भाजपा ने प्रदेश में जातियों के नाम पर लोगों को आपस में लड़वाया। प्रदेश में भाइचारा के हालात इस कदर बिगाड़ दिए कि इसकी चर्चाएं दूसरे प्रदेशों में होने लगी। उन्होंने महिलाओं से जेजेपी का साथ देने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सबको साथ लेकर प्रदेश को आगे बढ़ाने की राजनीति करने के लिए आगे आए हैं, लोकसभा चुनाव में कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से जेजेपी प्रत्याशी को विजयी बना कर लोकसभा में भेजें। नैना चौटाला ने भारी भीड़ से गदगद कहा कि प्रदेश में जेजेपी की सरकार लाने के लिए कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करें। प्रदेश में जेजेपी की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार देंगे, सरकारी नौकरियों के साथ साथ निजी क्षेत्रों में बेरोजगारों के नौकरियों के अवसर बढ़ाएंगे। इसके लिए निजी कंपनियों में हरियाणा के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित होंगे। राज बनने ऐसी व्यवस्था कायम करेंगे सरेआम गुंडागर्दी और अपराध करने वाले प्रदेश में कहीं नजर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाम महिलाओं की समस्याएं और उनके दर्द को अच्छी तरह समझती हूं, सरकार बनने पर वकील बन कर महिलाओं की पैरवी करूंगी।