प्रधानमंत्री ने किया मतदान करने की अपील राजनेता, खिलाड़ी और फिल्मी हस्ती करें प्रोत्साहित
नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के नेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों को ट्वीट करते हुए आग्रह किया है कि वे देश के नागरिकों को अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए अपने-अपने स्तर पर प्रोत्साहित करने
का प्रयास करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव को ट्वीट किया है। इन सबको ट्वीट में टैग करते हुए उन्होंने लिखा है मैं अपील करता हूं कि आगामी लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। जनता की ज्यादा भागीदारी हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत होगी। उन्होंने राजनीति, व्यापार, मनोरंजन, खेल और मीडिया जगत की हस्तियों से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक बनाने में मदद की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी हैं। अखिलेश ने इसके जवाब में ट्वीट करते हुए लिखा दिल ख़ुश हुआ कि प्रधानमंत्री जी भी महागठबंधन से महापरिवर्तन की अपील कर रहे हैं। मैं भी सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें और नया प्रधानमंत्री चुनें। पीएम मोदी ने इस कड़ी में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और वाईएसआरसीपी के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी से भी अपील की है कि वह जनता को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए हर संभव प्रयास करें। अपने अधिकारों के प्रति जनता की जागरुकता भारत को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और पवन
चामलिंग से भी लोगों को जागरूक करने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने हरसिमरत बादल, चिराग पासवान और आदित्य ठाकरे से भी अपील की कि वह देश के युवाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताएं और वोट डालने के लिए जागरुक करें।