सेल घटने पर पेट्रोल पंप मालिक ने निकाले आकर्षक ऑफर ग्राहकों के लिए चाय-नाश्ते से लेकर मोटरबाइक तक के इनाम देकर आकर्षित करने का प्रयास !
नई दिल्ली (न्यूज़ ग्राउंड ) आकाश मिश्रा : पेट्रोल या डीजल खरीदिए और बाइक, लैपटॉप, एयर कंडिशनर या वॉशिंग
मशीन मुफ्त में हासिल करने का सुनहरा मौका पाइए। जी हां, मध्य प्रदेश में पेट्रोल
पंप मालिकों ने इस तरह के लुभावने ऑफर दे रखे हैं। अपनी बिक्री को बनाए रखने और
कारोबार में टिके रहने के लिए पेट्रोल पंप मालिक यह ऑफर दे रहे हैं। बता दें कि
मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर सबसे ज्यादा वैट लगता है, जो कि देशभर में सबसे
महंगे राज्यों की श्रेणी में माना जाता है। तेल की कीमत में बड़ा अंतर होने की वजह
से ट्रक ऑपरेटर और कमर्शल वीइकल मध्य प्रदेश के बजाए राज्य की सीमा के पार वाले
इलाकों में तेल भराने को प्राथमिकता देते हैं। यहां तक कि स्थानीय लोग भी राज्य के
पेट्रोल पंपों की बजाए एमपी बॉर्डर के करीब स्थित पेट्रोल पंपों का रुख कर रहे
हैं। एक पेट्रोल पंप मालिक
अनुज खंडेलवाल ने हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, '100 लीटर डीजल खरीदने पर ट्रक
ड्राइवर को नाश्ता और चाय मुफ्त में कराया जाएगा।' ऐसे ही महाराष्ट्र सीमा से सटे सेंधवा में बायपास पर स्थित गीतांश
पेट्रोल पंप मालिक ने अपने वहां सेल घटने के चलते डीजल-पेट्रोल भराने वाले के लिए
आकर्षक योजना निकाली है. जिसके तहत पेट्रोल पंप पर आने वाले ग्राहकों के लिए
चाय-नाश्ते से लेकर मोटरबाइक तक के इनाम देकर ग्राहकों को आकर्षित करने का प्रयास
किया जा रहा है. दरअसल, इस तरह की इनामी योजना के पीछे पंप मालिक की अपनी अलग ही
मजबूरी है. पेट्रोल पंप के मालिक के अनुसार 'मध्यप्रदेश में पेट्रोल
डीजल पर टैक्स ज्यादा होने से महाराष्ट्र की तुलना में मध्य प्रदेश में
पेट्रोल-डीजल महंगा है, इसलिए गाड़ी वाले यहां से डीजल नहीं डलवाते हैं.'पेट्रोल पंप के मालिक के मुताबिक 'अगर लोग महाराष्ट्र से
मध्य प्रदेश आते हैं तो महाराष्ट्र से पेट्रोल या डीजल डलवा कर ही आते हैं. साथ ही
एडवांस में भी पेट्रोल-डीजल रखकर चलते हैं. इसके अलावा अगर मध्य प्रदेश में लोग
पेट्रोल डलवाते भी हैं तो उतना ही डलवाते हैं जितने में वह महाराष्ट्र पहुंच सकें.
ऐसे में रास्ते से गुजरने वाले लोग पेट्रोल पंप की तरफ रुख भी नहीं करते. इसलिए
हमने यह उपहार योजना शुरू की.' उनके अनुसार यह स्थिति सिर्फ उनके ही पेट्रोल पंप के साथ
नहीं बल्कि महाराष्ट्र सीमा से लगे मध्य प्रदेश के जितने भी गांव और शहर है वहां
सब दूर सेल घटा है और और यही स्थिति है. इसी के चलते वह यह सब कर रहे हैं.'गीतांश पेट्रोल पंप के मालिक के मुताबिक वह चाहते हैं कि
सरकार टैक्स कम करे ताकि उनके यहां पेट्रोल और डीजल की बिक्री पहले की तरह बढ़
सके. वहीं पेट्रोल पंप द्वारा निकाली गई इस योजना के बाद ट्रक से लेकर छोटे वाहन
वाले लोग भी यहां रुक रहे हैं और डीजल डलवा कर इनाम भी पा रहे हैं. ट्रकों के
ड्राइवर साफ तौर पर कहते हैं कि अगर इनाम नहीं मिलता तो हम यहां के बजाय
महाराष्ट्र से डीजल डलवाते.उन्होंने साथ ही कहा, '5 हजार लीटर तेल खरीदने पर मोबाइल, साइकल और कलाई घड़ी का ऑफर दिया जा रहा है। वहीं, 15 हजार लीटर खरीदने पर अलमारी, सोफा सेट या 100 ग्राम सिल्वर कॉइन का ऑफर है। 25 हजार लीटर
डीजल खरीदने पर ग्राहकों को ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन, 50 हजार लीटर डीजल पर
स्प्लिट एसी या लैपटॉप और 1 लाख लीटर डीजल खरीदने पर हम स्कूटर या मोटरसाइकल का
ऑफर दे रहे हैं।' उनका कहना है कि नए ऑफर
के बाद बिक्री में इजाफा हुआ है। छूट हासिल करने के लिए ड्राइवर 100 लीटर पेट्रोल
खरीद रहे हैं। एक पेट्रोल पंप मालिक मनोज अरोड़ा का कहना है , 'शिवपुरी और अशोकनगर जैसे सीमावर्ती जिलों के 125 पेट्रोल
पंप मालिक डीजल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर का अंतर होने की वजह से मुश्किल में
हैं।' पेट्रोल पंप मालिकों का
कहना है कि मध्य प्रदेश में डीजल पर 22% और पेट्रोल पर 27% वैट लगता है। ऐसे में
राज्य सरकार को टैक्स घटाकर उन्हें राहत देनी चाहिए।