राहुल के गढ़ में स्मृति के समर्थन में अमित शाह ने किया रोड शो, गांधी परिवार पर कसे तंज !
अमेठी, (न्यूज़ ग्राउंड) आकाश मिश्रा : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के गढ़ में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज (शनिवार) रोड शो कर वोट बैंक मजबूत करने अमेठी पहुंचे। रथ पर अमित शाह के सवार होते ही भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। भारत माता की जय के साथ जनता का अभिवादन किया। शाह का रोड शो रामलीला मैदान, अमेठी से शुरू होकर तहसील से गांधी चौराहा पहुंचा। आसपास बने घर की छतों से पुष्प वर्षा शुरू हो गई। उधर, शाह ने भी रथ से जनता के ऊपर फूल उछाल कर और हाथ हिला कर अभिवादन किया। अमेठी कस्बे में दिन लगभग साढ़े तीन बजे रथ पर सवार होकर उन्होने रामलीला मैदान से रोड शो शुरू किया। गाजे बाजे के साथ शुरू हुए रोड शो के साथ लोगो की तादात नारेबाजी कर रही थी।
गांधी परिवार पर तीखें तंज, भारी बहुमत के साथ भाजपा की आएगी सरकार - शाह : रोड शो के दौरान शाह ने कहा कि पहली बार अमेठी को लग रहा है कि यहां भी विकास संभव है। गांधी परिवार के सदस्यों को इतने साल के लिए अपना प्रतिनिधि बनाने के बाद भी, ऐसे गांव थे जिनमें बिजली नहीं थी। मोदी जी के आने के बाद ही उन्हें बिजली मिली। हर कोई आशान्वित है। भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि अमेठी के लोगों को मोदी जी पर भरोसा है और भाजपा इस चुनाव में यहां से जीत रही है। परिणाम के बाद विपक्ष कोई भी दावा करना बंद कर देगा, भाजपा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
भाजपा नेता राजेश अग्रहरि के गेस्ट हाउस में गुप्त बैठक की : रोड शो सगरा तिराहा होते हुए देवी पाटन मंदिर से पहले राजेश मसाला की फैक्ट्री के पास पहुंचा। समय को देखते हुए रोड शो को खत्म किया गया। रथ से उतर कर अमित शाह अपने वाहन में सवार होकर भाजपा नेता राजेश अग्रहरि के गेस्ट हाउस पहुंचे। गेस्ट हाउस के अंदर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, राज्यमंत्री डॉ महेंद्र प्रताप सिंह, राज्यमंत्री सुरेश पासी, सलोन विधायक दल बहादुर कोरी, तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, अमेठी विधायक गरिमा सिंह और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ शाह ने गुप्त बैठक की।
भाजपा नेता राजेश अग्रहरि के परिवार के साथ खिंचवाई फोटो : बैठक खत्म होते ही अमित शाह ने भाजपा नेता राजेश अग्रहरि के परिवार के साथ फोटो खिंचवाई। राजेश की माता बच्ची देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद गेस्ट हाउस से निकलकर वाहन में बैठे और अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
रोड शो में यह रहे मौजूद : भाजपा के रथ पर भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, राज्य मंत्री डॉ महेंद्र प्रताप सिंह, राज्य मंत्री व जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी, विधायक अमेठी गरिमा सिंह, विधायक सलोन दल बहादुर कोरी, विधायक तिलोई मयंकेश्वर शरण सिंह मौजूद रहे। इस रोड शो में भाग लेने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने पहले से ही अमेठी में डेरा डाल दिया था। बता दें, स्मृति ईरानी ने 2014 में भी राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। भाजपा ने स्मृति के लिए इस बार पूरी ताकत लगा दी है।
इस बार स्मृति ने लगा दी पूरी ताकत : 2014 में राहुल को कड़ी टक्कर देने वाली स्मृति ने इस बार वहां पूरी ताकत लगा दी है। पिछले पांच वर्षों से अमेठी में सक्रिय रहीं स्मृति ने वहां के लोगों का विश्वास जीतने के लिए खूब प्रयास किये हैं। अमित शाह के रोड शो से आम जनता के बीच तो माहौल बनेगा ही, भाजपा कार्यकर्ताओं का भी उत्साह बढ़ेगा। गत दिनों आग लगने पर जिस तरह स्मृति ने हैंडपंप चलाकर आग बुझाने में अपना योगदान दिया, उसका अमेठी की जनता पर भावनात्मक असर पड़ा है।