BJP में शामिल हुए क्रिकेटर गौतम गंभीर, नई दिल्ली सीट से लड़ेंगे चुनाव !
नई दिल्ली (न्यूज़ ग्राउंड) आकाश मिश्रा : पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी की टीम में शामिल हो गए हैं। वित्त मंत्री अरुण जेटली और रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में गुरुवार को दिल्ली में उन्होंने बीजेपी जॉइन की। बता दें कि लंबे समय से इस बात की चर्चा थी कि वह राजनीति में उतर सकते हैं। वह ट्विटर पर अकसर अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते रहे हैं। चर्चा यह भी है कि उन्हें दिल्ली से ही लोकसभा का टिकट दिया जा सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह मीनाक्षी लेखी की जगह नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ेंगे। गौतम गंभीर ने कहा, 'मैं जेटली जी और रविशंकर प्रसाद और बीजेपी को धन्यवाद देता हूं कि मुझे सेवा का मौका मिला है। मैं वाकई में पीएम मोदी और उनके नजरिए से प्रभावित हूं। मुझे उम्मीद है कि अब तक मैंने क्रिकेट टीम के लिए योगदान दिया और अब देश के लिए कुछ करने का मौका मिलेगा।' वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सिद्धू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक क्रिकेटर थे जो पाकिस्तान के हितैषी बन गए, कम से कम गंभीर का रेकॉर्ड ऐसा नहीं रहा है। वहीं, अनुमान लगाया जा रहा है कि वह नई दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। गौतम गंभीर के करीबियों ने भी पिछले दिनों इसका संकेत दे दिया था कि वह नई दिल्ली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर 12 मई को चुनाव होना है, लेकिन आम आदमी पार्टी के बाद भारतीय जनता पार्टी भी अपने उम्मीदवारों का ऐलान जल्द ही कर सकती है, ताकि प्रत्याशियों को ज्यादा प्रचार का मौका मिले। यहां पर बता दें कि नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र जनसंघ के दौर से ही भाजपा का गढ़ रहा है, इसलिए पार्टी के कई कद्दावर नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों की ख्वाहिश इस सीट से चुनाव लड़ने की है। यहां की वर्तमान सांसद मीनाक्षी लेखी की दावेदारी के साथ दौड़ में क्रिकेटर गौतम गंभीर का नाम तेजी से उछला है। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पंजाबी समुदाय के मतदाताओं की संख्या अधिक होने की वजह से यह सीट पंजाबी समुदाय के लिए अनुकूल मानी जाती है। दरअसल इस लोकसभा क्षेत्र में आने वाले मोती नगर, पटेल नगर, ग्रेटर कैलाश, मालवीय नगर, कस्तूरबा नगर पंजाबी बाहुल्य इलाके हैं। इन कॉलोनियों में भारत के विभाजन के बाद बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय के लोग आकर बस गए थे। यही नहीं पिछला रिकॉर्ड देखा जाए तो ज्यादातर इस समुदाय के नेताओं ने ही यहां पर जीत हासिल की है। इसमें राजेश खन्ना, जगमोहन, अजय माकन जैसे नेताओं के साथ ही मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी भी शामिल हैं।इस मौके पर वित्त मंत्री जेटली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काफी विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा, 'देश की बागडोर हमारी पार्टी के हाथ में है और उम्मीद है कि रहेगी भी। ऐसे में गंभीर जैसे लोगों के माध्यम से देश हित की ओर ध्यान दिया जाए, यह हमारी पुरानी नीति रही है। गौतम गंभीर एक जानामाना नाम है। वह दिल्ली में जन्मे, पढ़े और दिल्ली में हर स्तर पर उन्होंने क्रिकेट क्रिकेट खेला है।'