पतंजलि ने बना ली है कोरोना की दवा, 5 से 6 दिन में ठीक हो रहे हैं मरीज, पतंजलि ने किया दावा
पतंजलि आयुर्वेद के सीईओ आचार्य बालकृष्ण ने बताया है कि पतंजलि ने कोरोना वायरस की दवा बना ली है.
नई दिल्ली(न्यूज़ ग्राउंड) वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना (Covid 19) की दवा की खोज में दुनिया के कई वैज्ञानिक जुटे हुए हैं. कई वैज्ञानिक इस बात का दावा कर चुके हैं कि इस वायरस की दवा को तैयार होने में एक साल का वक्त लगेगा. वहीं, पतंजलि आयुर्वेद के सीईओ आचार्य बालकृष्ण ने दावा किया है कि उन्होंने कोरोना वायरस (Coronavirus) की दवा बना ली है.
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि जैसे ही कोरोना महामारी ने दुनिया में दस्तक दी तभी पंतजलि आयुर्वेद ने एक वैज्ञानिकों की टीम को हायर किया और अपने संस्थान में हर विभाग को सिर्फ और सिर्फ कोरोना के इलाज के लिए इस्तेमाल होने वाली दवा पर काम करने में लगा दिया. इस दवा का निर्माण करने के लिए सबसे पहले सिमुलेशन किया गया था और यौगिकों की पहचान की गई थी जो वायरस से लड़ सकते हैं. उन्होंने कहा, हमने कई पॉजिटिव कोरोना रोगियों पर नैदानिक मामले का अध्ययन किया और हमें 100% अनुकूल परिणाम मिले हैं.